मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मायानगरी मुंबई के दो दिवसीय दौरे पर हैं. देश की आर्थिक राजधानी के निवेशकों को उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट हेतु आमंत्रित करने के लिए वे रविवार की शाम मुंबई पहुंचें, जहाँ पर उनका भव्य स्वागत हुआ. सोमवार की सुबह सीएम धामी ने मुंबई में उम्मीदों के साथ सूर्यदेव को नमन किया और शाम तक कई उपलब्धियां उनके नाम रहीं. सीएम धामी ने मुंबई रोड शो में 01 लाख करोड़ के निवेश करार का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. सोमवार को मुंबई में आयोजित रोड शो में 30200 करोड़ के एमओयू साइन हुए. सीएम धामी के नेतृत्व में दिल्ली, लंदन, बर्मिंघम, दुबई, आबुधाबी, चेन्नई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, मुंबई में हुए रोड शो में अभी तक कुल मिलकर 1.24 लाख करोड़ के एमओयू साइन हो चुके हैं. मुंबई के निवेशकों में उत्तराखंड में निवेश को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. मुंबई के कई बड़े निवेशकों ने उत्तराखंड की निवेश नीति को लेकर सीएम धामी की जमकर प्रशंसा की. मुंबई ही नहीं बल्कि देश के अन्य शहरों के निवेशक भी उत्तराखंड में को लेकर काफी उत्साहित है. यही नहीं विदेशी निवेशकों में भी उत्तराखंड में इन्वेस्ट को लेकर क्रेज देखने को मिल रहा है. यही सभी वजहें है कि सीएम धामी ने इन्वेस्टर्स समिट के लिए 2.5 लाख करोड़ के निवेश का जो लक्ष्य रखा हुआ है उसका लगभग आधा भाग (1.24 लाख करोड़ ) एक माह पूर्व ही प्राप्त हो चुका है.