सुनील तिवारी, देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से लगाव जगजाहिर है. यही कारण है कि वे प्रधानमंत्री बनने के बाद कई बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं. पीएम मोदी ने उत्तराखंड के ज्यादातर दौरे राजनीतिक न होकर आध्यात्मिक रहे हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद से वे अब तक 6 बार केदारनाथ धाम एवं 2 बार बद्रीनाथ धाम की यात्रा कर चुके हैं. केदारपुरी के पुनर्निर्माण का जो संकल्प पीएम मोदी ने लिया था उसे उन्होंने बड़ी शिद्दत से सिद्धि तक पहुँचाया. गुरूवार को एक बार फिर से पीएम मोदी उत्तराखंड के आध्यात्मिक यात्रा पर थे. इस बार पीएम मोदी ने अपनी यात्रा के लिए केदारखंड की जगह मानसखंड को चुना. पीएम मोदी ने उत्तराखंड के सीमान्त जिले पिथौरागढ़ में स्थित आदि कैलाश के दर्शन किये एवं पार्वती कुंड में पूजा अर्चना की. पीएम मोदी ने अल्मोड़ा जिले में स्थित जागेश्वर धाम में भी पूजा अर्चना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमान्त गाँव गूंजी भी गए. वहां पर उन्होंने सेना, आईटीबीपी एवं बीआरओ के लोगों से बातचीत की. पीएम मोदी जब उत्तराखंड की आध्यात्मिक यात्रा पर भी आते हैं तब भी वे उत्तराखंड के लोगों के लिए कोई न कोई सौगात लेकर आते हैं. मानसखंड की यात्रा के दौरान भी उन्होंने पिथौरागढ़ में 4200 करोड़ रूपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मानसखंड की अपनी इस यात्रा को सोशल मीडिया पर ‘बहुत विशेष’ बताया. पिथौरागढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने एक बार फिर से कहा कि 21 वीं सदी का ये तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा. इसके अलावा उन्होंने चंद्रयान-3, महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण, वन रैंक-वन पेंशन, एशियाई खेलों में भारत की उपलब्धि आदि का भी जिक्र किया. पीएम मोदी ने सीमान्त क्षेत्र में खड़े होकर विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें दुश्मनों के डर से सीमान्त क्षेत्रों का विकास नहीं करती थी. आज का नया भारत पहले की सरकारों की डरी हुई सोच को को पीछे छोड़ कर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि आज सीमान्त क्षेत्रों में भी विकास हो रहा है. इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि- न हम डरते हैं और न हम डराते हैं. पीएम मोदी की इस विशेष यात्रा से मानसखंड मंदिर माला को देश-दुनिया में एक नयी पहचान मिलेगी. केदारखंड मंदिर माला की भांति ही मानसखंड मंदिर माला की ओर भी लोग आकर्षित होंगे. इससे उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन का ग्राफ और अधिक ऊँचा होगा. पीएम मोदी एक बार फिर से सीएम धामी के कार्यों से गदगद नजर आए और उन्होंने सार्वजानिक मंच पर धामी की पीठ भी थपथपाई.
