‘मैंने प्यार किया’ और ‘बाजीगर’ जैसी हिट फिल्मों में गाने देने वाले मशहूर कवि और गीतकार देव कोहली का निधन हो गया है। देव कोहली के निधन से इंडस्ट्री में शोक का माहौल बना हुआ है। वे 81 साल के थे। देव कोहली हाल ही में दो-तीन महीने तक अंधेरी में स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती थे।
देव कोहली ने राम लक्ष्मण, अनु मलिक, आनंद-मिलिंद और आनंद राज आनंद सहित कई फेमस संगीतकारों के साथ काम किया। बताया जा रहा है कि कवि और गीतकार देव कोहली का निधन उनके आवास पर हुआ है। देव कोहली ने सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए ‘कबूतर जा जा’, ‘आजा शाम होने आई’, ‘आते-जाते हंसते गाते’, ‘कहे तोसे सजना’ जैसे सुपरहिट गीत लिखे थे।
देव कोहली का अंतिम संस्कार आज मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके करीबी सहयोगी आनंद राज आनंद, अनु मलिक, उत्तम सिंह जी और कई बॉलीवुड उनके अंतिम सम्मान के लिए आएंगे।
पाकिस्तान के रावलपिंडी में जन्मे देव कोहली ने बॉलीवुड फिल्मों के लिए लगभग सौ से भी ज्यादा गाने लिखे। उन्होंने ये ‘काली काली आंखें’, ‘माए नी माए’, और ‘आते जाते हंसते गाते’ जैसे कई हिट हिंदी गाने दिए। उन्होंने ‘जुड़वा 2’, ‘मुसाफिर’, ‘शूट आउट एट लोखंडवाला’ और ‘टैक्सी नंबर 911’ जैसी 100 से अधिक हिट फिल्मों के लिए गाने लिखे और राम लक्ष्मण व अन्य संगीत निर्देशकों के साथ काम किया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1969 में फिल्म गुंडा से की थी।