देहरादून : 2025 तक उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का जो सपना सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देखा है वह धीरे-धीरे साकार होता नजर आ रहा है. शुक्रवार को नीति आयोग द्वारा जारी SDG INDIA 2023-24 इंडेक्स में उत्तराखंड को देशभर में पहली रैंक मिली है. स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक विकास, क़ानून व्यवस्था एवं न्याय, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, गरीबी एवं भुखमरी, लिंग समानता, स्वच्छ उर्जा एवं जल , रोजगार एवं नवाचार आदि जैसे कई पैरामीटर के आधार पर नीति आयोग ये रिपोर्ट तैयार करती है. एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड को मिला पहला स्थान यह बताता है पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड ने उपरोक्त क्षेत्रों में काफी अच्छी प्रगति की है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड का समावेशी विकास हुआ है. विभिन्न राष्ट्रीय रिपोर्ट, सर्वें एवं उत्तराखंड को मिले पुरस्कार इसका प्रमाण है कि उत्तराखंड ने स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आय आदि सभी अनेक क्षेत्रों में अभूतपूर्व उन्नति की है. आयुष्मान क्लेम में उत्तराखंड को नंबर वन का अवार्ड मिलना इसकी गवाही है कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में काफी सुधार हुआ है. रोजगार सृजन के क्षेत्र में उत्तराखंड को पूरे देश में दूसरा स्थान मिलना यह बताता है कि राज्य में बेरोजगारी की समस्या दूर हुई है. बहुआयामी गरीबी सूचकांक के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में 11 प्रतिशत से अधिक गरीबी में कमी आई है और उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर हुए है.